अमृतसर: खालिस्तान समर्थक संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह के समर्थकों ने भारी बवाल काट दिया है। अमृतपाल ने अपने समर्थकों से सुबह 11 बजे अजनाला पहुंचने के लिए कहा था।
इसके बाद यहां भीड़ इकट्ठा हो गई और अजनाला पुलिस थाने को घेर लिया। इस घटना के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया है। समर्थक अमृतपाल सिंह के करीबी लवप्रीत तूफान की गिरफ्तारी के विरोध में पुलिस स्टेशन के बाहर इकट्ठा हुए थे।
हाथों में तलवार लेकर भीड़ यहां जुट गई। थाने के बाहर बड़ी संख्या में अमृतपाल के समर्थन में निहंग तलवारों के साथ पहुंचे। इस दौरान पुलिस से उनकी धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान कई पुलिस कर्मी घायल भी बताए जा रहे हैं।
बता दें, अमृतसर के अजनाला पुलिस थाने में अमृतपाल, उसके साथी तूफान सिंह समेत कुल 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज है। इन लोगों ने अमृतपाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्प्णी करने वाले एक युवक को किडनैप करने के बाद उसे बुरी तरह पीटा था। इसी केस में पुलिस ने तूफान सिंह को गिरफ्तार किया था।
इससे अमृतपाल भड़क गया और उसने गुरुवार को अमृतसर में अजनाला पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तारी देने की घोषणा की थी। वहीं उन्होंने घोषणा की थी कि आज वह अजनाला में अपने समर्थकों के साथ धरना देने पहुंचेंगे।


