बरनाला-लुधियाना हाईवे पर गांव वजीदके के पास दो कारों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लुधियाना से बरनाला की ओर जा रही डिजायर कार की चालक गुरलीन कौर की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी ओर, बरनाला की ओर से आ रही एंडेवर कार में सवार चार लोग घायल हुए, जिन्हें बरनाला के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिजायर कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एंडेवर कार को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम लग गया, जिसे पुलिस ने बाद में खुलवाया। हादसे की सूचना मिलते ही एसएसएफ टीम के इंचार्ज एएसआई करम सिंह और अन्य जवान मौके पर पहुंचे। घायल गुरलीन कौर को तुरंत सिविल अस्पताल बरनाला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एंडेवर कार में सवार चारों घायलों का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। अस्पताल की डॉ. ज्योति कौशल ने बताया कि घायलों की स्थिति स्थिर है और उनका उपचार जारी है। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
