कपूरथला ( गौरव मढ़िया ) अर्बन एस्टेट कपूरथला के निवासियों को कई वर्षों से आवारा कुत्तों के आतंक का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर कुत्तों का दौड़ना और लोगों का पीछा करना एक आम दृश्य बन गया है।ऐसी कोई सड़क नहीं जहां आपको कुत्तों का झुंड न दिख जाए। जैसे ही कोई पार हो जाता है, वे न केवल भौंकना शुरू कर देते हैं बल्कि अक्सर पीछा करते हैं और कभी-कभी व्यक्तियों पर झपट पड़ते हैं और में काट भी लेते हैं।
गौरतलब है अर्बन एस्टेट में कुत्तों के काटने के कुछ मामले सामने आए हैं। ये आवारा कुत्ते बागवानी के शौकीन लोगों के लिए बहुत बड़ी परेशानी हैं क्योंकि ये कुत्ते निवासियों द्वारा बनाए गए बगीचों को भी बर्बाद कर रहे हैं। अर्बन एस्टेट वेलफेयर सोसायटी कपूरथला के अध्यक्ष एडवोकेट अनुज आनंद ने बताया कि सोसायटी कई बार मंत्रियों, प्रशासन से गुहार लगा चुकी है लेकिन कुछ नहीं हुआ।
उन्होंने आरटीआई के जरिए भी जानकारी मांगी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। ऐसा लगता है कि सरकार कुछ करना ही नहीं चाहती। उन्होंने चेतावनी दी कि वह दिन दूर नहीं है कि ये छोटे बच्चों को खा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कुछ नहीं किया गया तो निवासी अपनी समस्या के समाधान के लिए सक्षम न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे और अपना विरोध भी तेज करेंगे.

