प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर पूरा देश शोक की लहर में डूब गया है। वह 100 साल की थीं। उन्होंने शुक्रवार सुबह अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में अंतिम सांस लीं। सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन के बाद पूरा देश शोक में डूब गया है। सोशल मीडिया पर जहां हजारों लोग दुख जता रहे हैं वहीं कई बड़े नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने ट्वीट कर दुख जताया है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मां के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है। मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता हीराबेन मोदी के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया। उन्होंने लिखा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताश्री हीरा बा के निधन से मुझे गहरी वेदना हुई है। एक मां का निधन किसी भी व्यक्ति के जीवन में ऐसी शून्यता लाता है, जिसकी भरपाई असंभव है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी की पूज्य माताजी हीरा बा के स्वर्गवास की सूचना अत्यंत दुःखद है। मां एक व्यक्ति के जीवन की पहली मित्र और गुरु होती है जिसे खोने का दुःख निःसंदेह संसार का सबसे बड़ा दुःख है। अभी थोड़ी देर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा जहां पर संस्कार के मौके पर प्रधानमंत्री और तमाम बीजेपी और कई और राजनेता कई पार्टियों की उपस्थित रहेंगे

