आवास और शहरी विकास मंत्री ने जालंधर विकास अथॉरिटी के अधिकार क्षेत्र अधीन रेज़ीडेंट वेलफेयर सोसायटी और रियल एस्टेट डवैलपर्स के प्रतिनिधियों से की मुलाकात
कहा आर्थिक तौर पर कमजोर वर्ग के लिए किफायती घर बनाने पर दिया जा रहा है जोर
जालंधर, 17 फरवरी : पंजाब के आवास और शहरी विकास मंत्री अमन अरोड़ा ने आज कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की तरफ़ से राज्य की रजिस्टर्ड कॉलोनियों के निवासियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करके राज्य के शहरी विकास को मजबूत करने को पहल दी जा रही है । उन्होंने कहा कि राज्य के आर्थिक तौर पर कमजोर वर्गों को किफायती आवास सुविधाएं प्रदान करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है और विभाग ने इस प्रोग्राम के अधीन आवश्यक ज़मीन पहले ही अधिग्रहित कर ली है।
आवास एवं शहरी विकास मंत्री अमन अरोड़ा जिनके साथ विधायक रमन अरोड़ा ,प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी विकास अजोय कुमार सिन्हा, जालंधर विकास अथॉरिटी की मुख्य प्रशासक दीपशिखा शर्मा मौजूद थे ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के लोगों को उच्च स्तरीय सेवाएं देने के लिए वचनबद्ध है मंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि रजिस्टर्ड कॉलोनियों के निवासियों को कानून के अनुसार सभी सरकारी सुविधाएं मिलें और शहरी केंद्रों में रहने वाले किसी भी व्यक्ति को ऐसी सुविधाओं से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
मंत्री ने शहरी विकास पर विशेष जोर देते हुए प्रभावी प्रशासकीय सुधारों के लिए एक विस्तृत योजना तैयार करने पर जोर दिया ताकि पंजाब के शहर पूरे देश के लिए आदर्श शहर बन सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि अधिकृत कॉलोनियों के निवासियों को लाभ मिल सके।
श्री अरोड़ा ने जालंधर विकास अथॉरिटी के अधिकार क्षेत्र में आने वाली आधिकारिक कॉलोनियों के डवैलपर और रेज़ीडेंट वेलफेयर सोसायटियों के प्रतिनिधियों से बातचीत की और उनकी मांगों को सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी सभी जायज मांगों को कानून के अनुसार पूरा किया जाएगा क्योंकि पंजाब सरकार ने पहले से ही नई विकास परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए शहरी विकास में बड़े सुधार लाने के लिए कमर कस रही है। उन्होंने कहा कि आधिकारिक कॉलोनियों के डवैलपर को सुविधा प्रदान कर ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि शहरी विकास को विकास की उचांईयो पर लाया जा सके।
इस दौरान मुख्य प्रशासक जालंधर विकास अथॉरिटी दीपशिखा शर्मा ने आवास एवं शहरी विकास मंत्री को चालू वित्त वर्ष के दौरान अथॉरिटी द्वारा की गई उपलब्धियों और जालंधर, कपूरथला और होशियारपुर जिलों में अवैध कॉलोनियों को काटने को रोकने के लिए की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी साझा की ।उन्होंने यह भी बताया कि जे.डी.ए. की तरफ़ से ईडीसी तहत 85 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाये जा रहे है।
मंत्री ने पुराने जेल स्थल का भी दौरा किया, जहां जेडीए की तरफ़ से आवासीय कॉलोनी विकसित की गई है और उन्होंने वहाँ निवासियों के साथ बातचीत भी की है ताकि यदि उनको किसी भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है तो उसके बारे में पता चल सके। उन्होंने हाउसिंग सोसायटियों में वृक्ष लगाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कॉलोनी में पौधरोपण भी किया।
इस मौके पर अतिरिक्त मुख्य प्रशासक जालंधर विकास अथॉरिटी जसबीर सिंह, जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन अमृतपाल सिंह, राजविंदर कौर व आतम प्रकाश बबलू आदि मौजूद रहे।

