कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए बुधवार को हुए मतदान के एग्जिट पोल में कांग्रेस बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। जी न्यूज के लिए MATRIZE के एग्जिट पोल के अनुसार कांग्रेस को 103-118 सीटें मिल सकती हैं। बीजेपी के खाते में 79-94 सीटें जाती दिख रही हैं। अगर जेडीएस की बात करें तो उसे 25-33 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा अन्य के खाते में 2 से 5 सीटें जानें की उम्मीद है।
एग्जिट पोल के अनुसार, कर्नाटक में सबसे ज्यादा वोट कांग्रेस को मिलने की संभावना है। कांग्रेस की झोली में 41 फीसदी वोट आ सकते हैं। भाजपा दूसरे नंबर पर है और उसे 36 फीसदी वोट मिलने के आसार हैं। वहीं, जेडीएस को 17 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। मालूम हो कि कर्नाटक की 224 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 113 सीटों की जरूरत होती है।
वहीं, आज तक के एग्जिट पोल के मुताबिक कर्नाटक में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। बीजेपी की विदाई के संकेत नजर आ रहे हैं। 224 सीटों वाले कर्नाटक में कांग्रेस को 122 से 140, बीजेपी को 62 से 80 और जेडीएस को 20 से 25 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं, 3 सीटें अन्य के खाते में जा सकती हैं।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान बुधवार बुधवार शाम 6 बजे समाप्त हो गया। 5 बजे तक करीब 65.69 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक अब तक, रामनगर में सबसे अधिक 78.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है जबकि बृहद बेंगलुरू महानगर पालिका क्षेत्र (बेंगलुरू शहर के हिस्सा) में सबसे कम 48.63 प्रतिशत दर्ज किया गया। कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक जारी रहा। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की जनता दल (सेक्युलर) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।

