पंजाब के फाजिल्का जिले के गांव बकेनवाला में शुक्रवार को बवंडर का कहर देखने को मिला। यहां बवंडर से लगभग 50 घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं टीनशेड वाले घरों की छत गायब हो गई। बवंडर के चलते कई लोग मलबे में दब गए। जिन्हें रेस्क्यू के बाद उपचार के लिए अबोहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बवंडर की तस्वीरे को लोगों ने कैमरे में भी कैद किया।
बवंडर इतना तेज था कि इसकी चपेट में आए किन्नू के बाग उखड़ गए। कई जगह दीवारें भी टूट गईं। बवंडर से लोगों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी नुकसान का जायजा लेने गांव पहुंचे।
गांव के सरपंच सुखदेव सिंह ने बताया कि बवंडर से 50 घरों को नुकसान हुआ है। अधिकांश घरों की छत उखड़ गई हैं। घरों में खड़े पेड़ गिरने से मकानों को भारी क्षति हुई है। वहीं कई लोग मलबे में दब गए। जिन्हें बड़ी मुश्किल से बाहर निकाल कर अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
पंजाब के कई जिलों में शुक्रवार को जोरदार बारिश हुई। इससे गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। उधर, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बारिश के चलते फसलों को हुए नुकसान की भरपाई करने का आदेश दिया है। साथ ही कहा है कि जिस किसी गरीब का घर बारिश के चलते ढहा है उसे भी पंजाब सरकार आर्थिक सहायता देगी।

