पंजाब में सुनाम के नजदीकी गांव छाजली का जवान परमिंदर सिंह देश की सेवा करते हुए कारगिल में शहीद हो गया है। परमिंदर की पिछले साल दो अक्तूबर को शादी हुई थी। जानकारी के मुताबिक समराव पत्ती का बेटा परमिंदर सिंह (25) सिख रेजीमेंट 31 पंजाब में कारगिल में देश की सेवा कर रहा था, जहां वह शहीद हो गया। शहीद परमिंदर सिंह के दूसरे भाई गुरपिंदर सिंह भी सेना में कार्यरत हैं और उनके पिता गुरजीत सिंह सेना से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। परमिंदर सिंह 7 साल से सेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे। गॉव के सरपंच ने कहा कि शहीद जवान परमिंदर सिंह का पार्थिव शरीर शाम तक पहुंचने की संभावना है।
सेना के जवान की शहादत पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गहरा दुख व्यक्त किया है। एक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि संगरूर के छाजली गांव से संबंधित भारतीय सेना के जवान परमिंदर सिंह कारगिल में प्रशिक्षण के दौरान एक दुर्घटना में शहीद हो गए। मान ने कहा कि यह देश और परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार के साथ गहरा दुख जताते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पंजाब सरकार परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि शहीद परमिंदर सिंह ने बहादुरी से अपना कर्तव्य निभाकर पेशेवर समर्पण का प्रदर्शन किया। शहीद का बलिदान युवाओं को समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ अपना कर्तव्य निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

