बठिंडा जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में गुजरात पुलिस की महिला पुलिस कर्मी अमिता सहित पांच युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सभी एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार होकर बठिंडा से गुजरात की ओर जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, गुजरात पुलिस में तैनात महिला पुलिस कर्मी अमिता अपने चार दोस्तों, अंकुश, भरत, चेतन और सतीश—के साथ फॉर्च्यूनर में यात्रा कर रही थीं। जैसे ही उनका वाहन गांव गुरथड़ी के समीप मैन हाईवे पर पहुंचा, तेज रफ्तार के चलते गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर के परखच्चे उड़ गए और वाहन सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में गाड़ी सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा भिजवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

