अमृतसर में आज सुबह बस स्टैंड पर ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक व्यक्ति ट्रांसपोर्ट कर्मचारी हैं। बस स्टैंड पर फायरिंग के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से 6 गोलियों के खोल बरामद किए और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि झगड़ा यात्रियों को बिठाने को लेकर हुआ। आरोपी फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गया फिलहाल पुलिस ने उसकी पकड़ के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार दो प्राइवेट बसों के मुलाजिमों के बीच काफी देर से कहासुनी चल रही थी। मामला उस समय बिगड़ गया जब एक पक्ष ने गुस्से में हथियार निकाल लिया और फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में काहलों बस के मुलाजिम माखन को करीब 4 गोलियां लगीं। वह मौके पर गिर पड़ा और दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसीपी गगनदीप ने बताया कि उन्हें बस स्टैंड पर फायरिंग की कॉल मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। शुरुआती जांच से यह स्पष्ट हुआ है कि विवाद बसों की टाइमिंग और यात्रियों को पहले लेने को लेकर हुआ था।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से 6 गोलियों के खोल बरामद कर लिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फायरिंग करने वाले मुलाजिम की पहचान और उसकी गतिविधियों का पता चल सके। पुलिस ने बताया कि आरोपी मौके से फरार हो गया है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

