लुधियाना:पुलिस की सीआईए टीम को युवक की उंगलियां काटने मामले में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने शंभू बैरियर पर दो गैंगस्टरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान गौरव उर्फ गोरी और तरुण कुमार के रूप में हुई है। दोनों भूप्पी राणा गैंग के सदस्य है। अब पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। हालांकि, एक आरोपी के पैर में गोली भी लगी है, जिसका इलाज कराया जा रहा है।
एसएसपी मोहाली संदीप गर्ग ने बताया कि 9 फरवरी को एक वायरल वीडियो में तीन लोगों को एक व्यक्ति की उंगलियां काटते हुए दिखाई देने मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। 9 फरवरी को कथित रूप से एक व्यक्ति की उंगलियां काटने वाले तीन लोगों के खिलाफ आईपीसी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
नौजवान की उंगलियां काटने की यह वारदात आठ फरवरी की बतायी जा रही है। इसको लेकर हरदीप सिंह के बयान पर मोहाली के फेज 1 पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। जानकारी हो कि गौरी के भाई बंटी का कत्ल हुआ था। इसे लेकर गौरी को शक था कि हरदीप का इसमें हाथ था। इसकी के चलते उन्होंने हरदीप के साथ ऐसा किया। अभी हरदीप का पीजीआई में इलाज चल रहा है, जहां इसकी दो उंगलियां जोड़ दी गई हैं।

