पंजाब के अबोहर में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां फुटबॉल खेलते समय 14 वर्षीय नाबालिग खिलाड़ी की मैदान पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह एक स्थानीय प्राइवेट स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहा था। खेल के दौरान अचानक वह मैदान पर गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद खिलाड़ियों और आयोजकों में अफरा-तफरी मच गई।
मैदान पर मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चे को उठाया और पास के एक निजी डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मलोट के गांव आलमवाला निवासी जस्सू उर्फ जसप्रीत (14) के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 4 बजे महर्षि वाल्मीकि स्पोर्ट्स क्लब द्वारा दो दिवसीय स्थानीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। यह टूर्नामेंट का पहला दिन था और पहला मैच ही खेला जा रहा था, इसी दौरान जस्सू खेलते-खेलते अचानक जमीन पर गिर पड़ा। मृतक के पिता पुरुषोत्तम ने बताया कि जस्सू पूरी तरह स्वस्थ था और उसे पहले कभी किसी तरह की गंभीर बीमारी नहीं रही। वह अपनी तीन बहनों का इकलौता और सबसे छोटा भाई था। परिवार का कहना है कि तीन बेटियों के बाद जस्सू उनके घर में भगवान की बड़ी मन्नतों के बाद पैदा हुआ था, ऐसे में उसकी अचानक मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
जसप्रीत के ताऊ अशोक कुमार ने बताया कि वह रोजाना खेलकूद करता था और पढ़ाई में भी अच्छा था। रविवार को वह घर से यह कहकर निकला था कि “मैं जल्दी आ जाऊंगा।” कुछ समय बाद उसके दोस्तों का फोन आया, जिसके बाद परिवार अस्पताल पहुंचा, जहां उन्हें उसकी मौत की खबर मिली।

