आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर मची अंदरूनी खींचतान अब एक बड़े राजनीतिक भूचाल में तब्दील हो गई है। पार्टी के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। उनके साथ संदीप सिंह और अशोक मित्तल भी बीजेपी के पाले में चले गए हैं। पार्टी के भीतर कथित तौर पर अपना कद घटाए जाने की अटकलों के बीच राघव चड्ढा का यह कदम आम आदमी पार्टी के लिए एक बहुत बड़ा संकट माना जा रहा है।
बीजेपी में शामिल होने से ठीक पहले राघव चड्ढा ने सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ एक बेहद अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने पार्टी छोड़ने की आधिकारिक घोषणा करते हुए एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा किया। चड्ढा ने कहा कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य होने के नाते, उन्होंने भारत के संविधान के प्रावधानों का पूरा इस्तेमाल करते हुए खुद को भाजपा में विलय करने का कड़ा फैसला लिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी मंशा पूरी तरह साफ करने के बाद राघव चड्ढा ने दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय का रुख किया। यहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से उनके कार्यालय में खास मुलाकात की और उनके नेतृत्व में आधिकारिक तौर पर बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली। राघव चड्ढा के इस ऐलान ने दिल्ली से लेकर पंजाब तक की राजनीति में हलचल मचा दी है कि दो-तिहाई राज्यसभा सांसद उनके साथ बीजेपी में जा रहे हैं।

