पंजाब की राजनीति में आज एक बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व मंत्री सिकंदर सिंह मलूका ने एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया है। उनकी पार्टी में वापसी पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने प्रसन्नता व्यक्त की है। इस अवसर पर सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि सिकंदर सिंह मलूका के अकाली दल में फिर से शामिल होने से उन्हें बहुत खुशी हुई है। उन्होंने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी वापसी से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।
मलूका की पार्टी में वापसी की घोषणा करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मुझे वरिष्ठ अकाली नेता सिकंदर सिंह मलूका का शिरोमणि अकाली दल में पुनः स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है। प्रकाश सिंह जी बादल के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने में मलूका साहब ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी वापसी से पार्टी और मजबूत होगी, तथा वे लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के प्रचार अभियान में तुरंत शामिल होंगे। पंजाब की जनता के सहयोग से हर गुजरते दिन के साथ पार्टी मजबूत होती जा रही है। मैं सभी पंजाबियों से आग्रह करता हूं कि वे राज्य की शांति और विकास के लिए पंजाब की एकमात्र क्षेत्रीय पार्टी को मजबूत करने के लिए एकजुट हों।”

