कपूरथला(गौरव मढ़िया )पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता आने लगी है।इसी कड़ी में भाजपा जिला सचिव रिंपी शर्मा ने भाजपा के हल्का इंचर्ज रणजीत सिंह खोजेवाल को उनके जन्मदिन पर गिफ्ट के रूप में पौधा भेंट कर पौधारोपण व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है।
खोजेवाल ने रिंपी शर्मा द्वारा समाज के लिए पर्यावरण सरंक्षण की दिशा में सकारात्मक प्रयास बताते हुए सभी को शुभ अवसरों पर फिजूलखर्ची की बजाय पौधारोपण करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला सचिव रिंपी शर्मा ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए जरुरी है कि हम इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने के साथ पौधारोपण को जीवन के विभिन्न महत्वपूर्ण दिनों से जोड़ें।
जन्मदिन व विवाह वर्षगांठ जैसे जीवन के महत्वपूर्ण दिनों को विशेष बनाने के लिए पौधारोपण कर समाज को नई दिशा दी जा सकती है।रिंपी शर्मा ने कहा कि,वर्तमान परिस्थितियों में जब वन क्षेत्र का निरंतर ह्रास होता जा रहा है तब संपूर्ण समाज को इस तरह के आयोजनों से सीख लेने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण धरा और प्रकृति को सुरक्षित व संतुलित रखने हेतु हमें पौधारोपण के प्रति लोगों को सजग बनाना होगा।उन्होंने कहा कि हर बार हम विकास के नाम पर कुछ पेड़ खो रहे हैं।इसलिए हमने वनस्पति के महत्व पर जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से यह अवधारणा पैदा की कि प्रत्येक व्यक्ति,स्त्री हो या पुरुष अपने जन्म दिवस पर एक पौधा लगाए और पौधा ही गिफ्ट करे।

