करतारपुर 22 अप्रैल ( जसवंत वर्मा )हलका विधायक करतारपुर बलकार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा गेहूं का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
वह आज करतारपुर की मंडियों का दौरा कर रहे थे और इस दौरान उन्होंने खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें गेहूं की खरीद के दौरान मंडियों में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि गेहूं की खरीद पूरे जोर-शोर से चल रही है और किसानों को खरीद के 24 घंटों के अंदर भुगतान प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार सुचारू रूप से खरीद सीजन सुनिश्चित बनाने के लिए वचनबद्ध है।
हलका विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मंडियों में किसानों और मजदूरों की सुविधा के लिए कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गेहूं की खरीद के बाद समय पर लिफ्टिंग भी सुनिश्चित बनाई जाए।

