करतारपुर, 22 नवंबर (जसवंत वर्मा )बढ़ती आबादी पर नियंत्रण और खुशहाल परिवारों की मजबूत नींव रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से परिवार नियोजन जागरूकता पखवाड़ा शुरू किया गया है। इस अभियान की शुरुआत 21 नवंबर से सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग के निर्देशन और वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. किरण कौंसल के नेतृत्व में की गई। पहले सप्ताह के दौरान स्वास्थ्य कर्मी योग्य दंपतियों तक पहुंचकर उन्हें परिवार नियोजन के महत्व के बारे में जागरूक कर रहे हैं, जबकि दूसरे सप्ताह में उन्हें विभिन्न परिवार नियोजन सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसी संबंध में दाना मंडी करतारपुर में बीबीई राकेश सिंह, स्वास्थ्य सुपरवाइज़र केवल, बलविंदर सिंह, इंदरजीत सिंह और स्वास्थ्य कर्मी बलजीत सिंह, जगजीत सिंह, जोगा सिंह, प्रगत सिंह और हीरा लाल द्वारा लोगों को जागरूक किया गया
एसएमओ डॉ. किरण कौंसल ने स्टाफ को निर्देश दिए कि योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के फायदे और उपलब्ध साधनों जैसे– अंतर्रा इंजेक्शन, ओरल पिल्स, कंडोम, कॉपर-टी, पीपीआईयूसीडी और नसबंदी जैसे स्थायी साधनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाए। प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर इन सेवाओं की जानकारी के साथ एक ‘बास्केट’ तैयार रखने के निर्देश भी जारी किए गए। उन्होंने विशेष रूप से पुरुषों की परिवार नियोजन में भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
डॉ. कौंसल ने बताया कि 2 दिसंबर को सीएचसी करतारपुर में परिवार नियोजन के ऑपरेशन किए जाएंगे। बीईई राकेश सिंह ने कहा कि पखवाड़े के दौरान अधिक से अधिक पुरुषों तक पहुंच बनाई जाएगी। जिन परिवारों में दो या उससे अधिक बच्चे हैं, उनमें पुरुषों को बिना चीरा वाली नसबंदी के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा, प्रत्येक आयुष्मान आरोग्य केंद्र में आशा वर्करों तथा ग्रामीण स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समितियों की बैठकों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

