जालंधर: संसद सदस्य (राज्य सभा) डॉ. अशोक कुमार मित्तल को 2024 से विभाग-संबंधित पार्लियामेंट्री स्टैंडिंग कमेटी (डीआरएससी) के तहत प्रतिष्ठित वित्त संबंधी कमेटी में नियुक्त किया गया है। इससे पहले, वे विदेश मामलों (एक्सट्रनल अफेयर्स) की समिति के सदस्य थे।
डीआरएससी मिनी संसद के रूप में कार्य करती है, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल होते हैं, और विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज की देखरेख में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वित्त संबंधी समिति विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह वित्तीय नीतियों, टैक्सेशन, बैंकिंग और बीमा पर विधायी निगरानी (लेजिस्लेटिव निरीक्षण) प्रदान करती है। इसकी जिम्मेदारियों में बिलों की जांच करना, नीति दस्तावेजों की समीक्षा करना और वित्त मंत्रालय और विभागों से बजटीय मांगों की जांच करना शामिल है।
डॉ. मित्तल पूर्व वित्त मंत्री श्री पी. चिदंबरम और पूर्व सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री मनीष तिवारी सहित समिति के सदस्यों के समूह में शामिल हो गए हैं। श्री भर्तृहरि महताब कमेटी के चेयरमेन के रूप में कार्य करेंगे। अपनी नियुक्ति पर डॉ. मित्तल ने आभार व्यक्त करते हुए कहा, “वित्त संबंधी समिति का हिस्सा बनकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ। हमारे देश के शासन के ऐसे आवश्यक पहलू में योगदान देना सौभाग्य की बात है। मैं भविष्य में आने वाली वित्तीय चुनौतियों और अवसरों का समाधान करने तथा भारत की अर्थव्यवस्था की निरंतर प्रगति सुनिश्चित करने की दिशा में काम करने के लिए तत्पर हूँ।”
—

