कैबिनेट मंत्री बलकार सिंह ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का न्योता दिया
पंजाब में जल्द खोले जाएगे यू.पी.एस.सी. कोचिंग सैंटर
जालंधर, 30 दिसंबर : स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह ने युवाओं, विशेषकर छात्रों को राष्ट्र निर्माण और देश को दुनिया की सबसे बड़ी शक्ति बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का न्योता दिया। ए.पी.जे. स्कूल में विद्यार्थियों के इनाम बांट समारोह के दौरान स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह ने कहा कि समय की मांग है कि देश एंव प्रदेश को प्रगति और समृद्धि के रास्ते पर लाया जाए, जिसमें युवाओं को राष्ट्र के निर्माता के तौर पर भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब युवाओं की जिम्मेदारी है कि वह कड़ी मेहनत, लगन, नए विचारों और खोज के द्वारा देश को खुशहाल और विकसित बनाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत बनकर नशाखोरी, बेरोजगारी जैसी सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार यूनियन पब्लिक सर्विस कमिशन (यू.पी.एस.सी.) द्वारा आयोजित परीक्षाओं के योग्य बनाने के लिए जल्द ही राज्य में प्रशिक्षण केंद्र खोलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं में अपार संभावनाएं है और यह केंद्र यू.पी.एस.सी. द्वारा आयोजित परीक्षाओं में सफल होने में मददगार साबित होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए 117 विधानसभा क्षेत्रों में स्कूल ऑफ एमिनेंस शुरू किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पहले ही शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति ला चुकी है। इससे पहले ए.पी.जे. स्कूल प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया।

