राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से बेहद दुखद खबर आ रही है। पंजाब के जिला जालंधर से कांग्रेसी सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज निधन हो गया है। बता दें कि संतोख सिंह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे। जहां वे अचानक बीमार पड़ गए। आनन फानन में उन्हें फगवाड़ा के विर्क अस्पताल ले जाया गया। यहां उनका निधन हो गया।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह 7 बजे लुधियाना के लोडोवाल से शुरू हुई थी। यात्रा को सुबह 10 बजे जालंधर के गोराया में पहुंचना था, जहां लंच के लिए यात्रा में विराम था। उसके बाद शाम 3 बजे यात्रा को फिर से शुरू होती और शाम छह बजे फगवाड़ा के बस स्टेशन के पास रुकती।
आज यात्रा का रात्रि विश्राम कपूरथला में कोनिका रिसोर्ट के पास मेहत गांव में था, लेकिन आज सुबह करीब साढ़े 9 बजे कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद यात्रा को रोक दिया गया है। हालांकि अबतक कांग्रेस की ओर से इसको लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है कि आज यात्रा को रोका जाएगा या फिर राहुल गांधी फिर यात्रा में शामिल होंगे।

