पंजाब के जिला कपूरथला के गांव तलवंडी कूका वासी एक युवक की अमेरिका में दिल का दौरा पड़ने से मौत होने की खबर है। बताया जा रहा है कि भारत में युवक की शादी 18 अक्टूबर को होनी थी। और वह घर वापिसी की तैयारी कर रहा था। मौत की सूचना मिलने के बाद शादी की खुशियां मना रहे घर में मातम का माहौल छा गया।
वहीँ परिजनों ने गांव कूका तलवंडी वासी गुरजीत सिंह (32 वर्ष) पुत्र गुरदेव सिंह का शव भारत लाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मृतक गुरजीत सिंह के चाचा हरजिंदर सिंह के अनुसार गुरजीत सिंह अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहता था और छह महीने पहले पंजाब से यहां आया था और अब उसे पंजाब आना था, क्योंकि 18 अक्टूबर को उसकी शादी थी।जानकारी अनुसार कल गुरजीत सिंह अपना सामान पैक कर पंजाब के लिए फ्लाइट पकड़ने की तैयारी कर रहा था। लेकिन फ्लाइट से पहले वह अपने दोस्त के साथ गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गया। जहां उसे अचानक दिल का दौरा पड़ गया।
जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हरजिंदर सिंह ने यह भी बताया कि गांव तलवंडी कूका में उसके घर पर गुरजीत की शादी की तैयारियां चल रही थी। वहीँ उसकी मौत की खबर से मातम का माहौल बन गया। सभी परिजनों की आंखें नम हैं और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

