करतारपुर 1 अगस्त (जसवंत वर्मा ) बरसात के मौसम में जगह-जगह पानी का जमाव होना आम बात है। जिससे डेंगू मच्छरों की पैदावार बढ़ने का खतरा रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सिविल सर्जन जालंधर डॉ. गुरमीत लाल के निर्देशन में ब्लॉक करतारपुर में “हर शुक्रवार डेंगू ते वार” अभियान के तहत आईएमआई इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग बिधिपुर के विद्यार्थियों और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने स्कूलों में डेंगू के लारवे की जाँच की और बच्चों को डेंगू के बारे में जागरूक भी किया।
इस अवसर पर डॉ. जैक्सन, बीईई राकेश सिंह हेल्थ इंस्. केवल, बलविंदर सिंह, गुरवेल सिंह, इंद्रजीत सिंह, स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुखराज सिंह, बलजीत सिंह और आशा आदि द्वारा गतिविधियाँ संचालित की गईं।
डॉ. जैक्सन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने स्कूलों और घरों में जाकर गमले, पानी की टंकियाँ, कूलर आदि की जाँच की और बच्चों को जागरूक किया। बीईई राकेश सिंह ने बताया कि कूलरों का पानी सप्ताह में एक बार बदलना चाहिए, फ्रिज की ट्रे में जमा पानी निकालकर ट्रे साफ करनी चाहिए। गमलों, टायरों, टूटे हुए बर्तनों आदि में पानी जमा न होने दें।
उन्होंने बताया कि तेज बुखार, सिरदर्द, जोड़ों में दर्द, त्वचा पर चकत्ते, आंखों के पीछे दर्द, मसूड़ों व नाक से खून आना आदि डेंगू के लक्षण हैं और ऐसे लक्षण दिखने पर डेंगू की जांच करवानी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सरकारी अस्पतालों में डेंगू की जांच व उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है।