लोगों से कैंपों में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील
‘आप दी सरकार आप दे द्वार’ पहल नागरिक सेवाएं प्रदान करने में नया कीर्तिमान बना रही है – बलकार सिंह
करतारपुर/जालंधर, 16 फरवरी: पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह ने कहा कि ‘आप दी सरकार, आप दे द्वार’ के तहत शुरू की गई अनूठी पहल राज्य के लोगों को नागरिक सेवाएं प्रदान करने में सफलता का एक नया इतिहास रच रही है क्योंकि लोगों को अपने घरों पर सरकारी सेवाओं का लाभ मिलना शुरू हो गया है। राज्य सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के तहत उन्होंने विधानसभा क्षेत्र करतारपुर के गांव पत्ड कलां और देसलपुर में लगाए गए विशेष कैंपों का दौरा किया और यहां पहुंचे लोगों से सुझाव भी लिए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने लोगों को नागरिक सेवाएं प्रदान करने के लिए यह ऐतिहासिक निर्णय लिया है जिससे ‘आप दी सरकार आप दे द्वार’ कार्यक्रम शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में ऐसे 900 विशेष कैंप लगाए जा रहे है और लोगों को 44 प्रकार की नागरिक सेवाओं का लाभ मौके पर ही मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पहली ऐसी सरकार है जो लोगों को उनके घर के नजदीक सरकारी सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए इतने गंभीर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा राज्य सरकार ने 1076 हेल्पलाइन सुविधा भी शुरू की है जिसके तहत राज्य के लोग जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ घर बैठे ले सकते है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकारी सेवाओं का लाभ सभी योग्य लाभार्थियों तक पहुंचे ताकि कोई भी व्यक्ति नागरिक सेवाओं के लाभ से वंचित न रह सके।
इन कैंपों द्वारा लोग जन्म सर्टीफिकेट, आय सर्टीफिकेट, स्कालरशिप, रिहायश सर्टीफिकेट, जाति सर्टीफिकेट, बुढापा पेंशन, बिलों का भुगतान, राजस्व विभाग संबंधी रिकार्ड की वैरीफीकेशन, विवाह रजिस्ट्रेशन, मृत्यु सर्टीफिकेट की एक से अधिक कापियां , दस्तावेजों की तस्दीकशुदा कापियां, ग्रामीण क्षेत्र सर्टीफिकेट,फर्द बनाना, जनरल जाति सर्टीफिकेट, शगुन योजना, जमीन की निशानदेही, एन.आर.आई के सर्टीफिकेट के काउंटर हस्ताक्षर, पुलिस क्लीयरेंस सर्टीफिकेट के काउंटर हस्ताक्षर, मृत्यु सर्टीफिकेट में बदलाव की सेवाओं का लाभ ले सकते है। उन्होंने लोगों से राज्य सरकार द्वारा आयोजित अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

