14 कैंप दौरान 583 यूनिट रक्त एकत्रित
जालंधर, 17 अक्तूबर: स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह ने कहा कि रक्तदान समाज और मानवता के लिए सबसे बड़ी सेवा है क्योंकि यह कई अनमोल जीवन को बचाने में मदद करता है। आज पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान के जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान कैंप का उद्घाटन करने के बाद रक्तदाताओं से बातचीत करते हुए बलकार सिंह ने कहा कि मानवता के कल्याण के लिए जरूरतमंदों की मदद करना व्यक्ति का कर्तव्य है और पीड़ित लोगों के लिए रक्तदान करना उससे भी बड़ा कार्य है ।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को इसमें पीछे नहीं रहना चाहिए, यही मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने युवाओं को बड़ी संख्या में रक्तदान करने के लिए आगे आने का निमंत्रण दिया।
उन्होंने युवाओं से अपने दोस्तों को स्वेच्छा से रक्तदान करने के लिए प्रोत्साहित करने को भी कहा ताकि सामान्य उपचार और आपातकालीन स्थितियों के लिए पर्याप्त मात्रा में रक्त सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के जन्मदिन के अवसर पर एक मैगा रक्तदान अभियान का आयोजन किया गया है।
सिविल सर्जन डा. रमन शर्मा ने बताया कि महाअभियान के दौरान 583 यूनिट खून इकठ्ठा किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा एच.एम.वी. कालेज, सिविल अस्पताल जालंधर, नकोदर और फिल्लौर सिविल अस्पताल, विरसा विहार, निजी अस्पतालों और गैर सरकारी संगठनों ने रक्तदान कैंप आयोजित किए। विधायक रमन अरोड़ा, इंदरजीत कौर मान, आप के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार और चेयरपर्सन राजविंदर कौर थियाडा ने भी अलग-अलग जगहों पर रक्तदान कैंप का उद्घाटन किया।

