जालंधर, 6 मई : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जालंधर के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘आप’ सरकार पंजाब की पहली ऐसी सरकार है जिसने एक साल में इतने बड़े-बड़े काम कर दिये। उन्होंने कहा कि अब पंजाब के युवाओं को नौकरियां मिल रही है। कच्चे कर्मचारी पक्के हो रहे हैं। आम लोगों के बिजली के बिल जीरो आने लगे हैं। किसानों को फसलों का भुगतान समय पर हो रहा है। फसलों के नुकसान की मुआवजा राशि भी बढ़ गई है और शहीदों के परिवार को अब एक-एक करोड़ रुपए मिल रहे हैं। यह ईमानदार सरकार की वजह से हो रहा है।
शनिवार को आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जालंधर उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुशील कुमार रिंकू के पक्ष में प्रचार करने के लिए जालंधर पहुंचे थे। दोनों नेताओं ने जालंधर शहर के सभी हलकों जालंधर सेंट्रल, जालंधर वेस्ट, जालंधर नॉर्थ और जालंधर कैंट के विभिन्न इलाकों में रोड शो किया और लोगों से ‘आप’ उम्मीदवार को जिताने की अपील की।
लोगों को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब हमने 300 यूनिट प्रतिमाह बिजली मुफ्त करने की घोषणा की थी तब विपक्षी दल हमपर सवाल उठाते थे कि बिजली कैसे मुफ्त करेंगे। पंजाब के पास तो इतने पैसे ही नहीं है। लेकिन हमारी सरकार ने साबित कर दिया कि अगर साफ नीयत हो और मुख्यमंत्री ईमानदार हो तो सबकुछ संभव है। हमने बिजली भी मुफ्त कर दी और सरकार का राजस्व भी बढ़ रहा है क्योंकि पंजाब में पैसे की कमी नहीं है। पहले सरकारी खजाने का पैसा भ्रष्टाचारियों और माफियाओं की जेब में जाता था। अब उन पैसे से लोगों के काम हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मैं पिछले कई दिनों से जालंधर में हूं और मैं प्रचार के लिए काफी जगहों पर गया हूं। सभी जगह लोग खुद सड़कों पर आ रहे हैं और हमें समर्थन कर रहे हैं। क्योंकि हम साधारण लोग हैं। हम लोगों के बीच रहते हैं। पहले वाले मुख्यमंत्री अपने महलों की दीवारें ऊंची कर आम लोगों लिए अपने दरवाजे बंद कर देते थे।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस-भाजपा और अकाली दल अपनी रैलियों में भाड़े पर लोग इकट्ठे करते हैं। उनके नारे लगाने के अंदाज से ही पता लग जाता है। 2020 में दिल्ली के चुनाव के समय पीएम नरेंद्र मोदी ने रामलीला ग्राउंड में एक रैली की जहां भीड़ तो थी लेकिन लोगों के नारे लगाने के अंदाज से साफ नजर आ रहा था कि वे मजबूरन नारे लगा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जालंधर के लोगों से वादा किया कि हम यहां पीजीआई चंडीगढ़ जैसे उच्च सुविधाओं वाला हॉस्पिटल बनाएंगे। इस हॉस्पिटल में सभी तरह के इलाज और ऑपरेशन भी मुफ्त होंगे और वह भी उच्च दर्जे का।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चुनाव में जालंधर के लोग इतिहास लिखेंगे। इस बार जालंधर इंकलाब के लिए मशहूर होगा। जब इतिहासकार पंजाब का इतिहास लिखेगा तो उसमें लिखा जाएगा कि जिस समय पंजाब के हालात खराब हो रहे थे, उस समय जालंधर के लोगों ने एक ईमानदार पार्टी को वोट डालकर अच्छी नींव की शुरुआत की थी।

