जालंधर, 19 नवंबर : जालंधर के अमान सलमानी और मनीष कलेर ने एक बार फिर से देश का नाम रोशन किया है। यूनाइटेड वल्ड स्पोट्स फिटनेस फेडरेशन की तरफ से थाइलैंड में वल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2024 करवाई गई, जिसमें मनीष कलेर ने 5 गोल्ड और अमान सलमानी ने देश के लिए तीन गोल्ड मेडल जीते। चैंपियनशिप 9 से 12 नवंबर तक चली, जिसमें देश में पंजाब, दिल्ली, कर्नाटका, हैदराबाद सहित अन्य राज्यों में 60 खिलाड़ी देश के लिए खेले। अवतार नगर के अमान सलमानी ने जूनियर कैटेगरी पावरलिफ्टिंग में पार्टिसिपेट किया। अमान ने फुल स्कवैट में 160 किलो, डेड लिफ्ट 280 किलो और बैंच प्रेस में 140 वेट उठाकर तीन गोल्ड मेडल जीते।
बूटा मंडी के रहने वाले मनीष कलेर ने बाडी बिल्डिंग व पॉवर लिफ्टिंग में हिस्सा लिया। उन्होंने पावरलिफ्टिंग में तीन गोल्ड और जीन मॉडलिंग व मास्टर कैटेगरी में गोल्ड सहित कुल 5 पदक जीते।
इस मौके पर जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को जिला खेल विभाग की तरफ से सम्मानित किया। गुरप्रीत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार की पॉलिसी के मुताबिक दोनों खिलाड़ियों को कैश अवार्ड के लिए भी फाइल तैयार की जाएगी। इस मौके पर जिला स्विमिंग कोच उमेश शर्मा इंटरनेशनल स्विमिंग और वाटर पोलो खिलाड़ी जितेंद्र पाल सिंह मौजूद रहे।

