* डिप्टी कमिश्नर ने दिलाया उद्योगपतियों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन
जालंधर: सीआईआई जालंधर जोन का वार्षिक सत्र का आयोजन होटल बेस्ट वेस्टर्न प्लस में किया गया। इसमें सीआईआई के जालंधर जोन के उद्योगपति सदस्य शामिल हुए। यह सत्र सीआईआई जालंधर जोन 2024-25 के अध्यक्ष के रूप में लवली प्रोफैशनल यूनिवर्सिटी के वाइस प्रेजिडेंट डॉ अमन मित्तल के सफल कार्यकाल के समापन को चिह्नित करने और 2025-26 के लिए सीआईआई जालंधर जोन के नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव और घोषणा करने के लिए आयोजित किया गया था। सत्र की शुरुआत डॉ अमन मित्तल द्वारा उद्योग पति सदस्य को संबोधित करने और अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान सीआईआई जालंधर द्वारा की गई सभी प्रमुख गतिविधियों को साझा करने से हुई। सीआईआई पंजाब राज्य के चेयरमैन अमित जैन व वाइस चेयरमैन हरप्रीत निब्बर भी इस अवसर पर उपस्थित थे और उन्होंने पूरे वर्ष के दौरान उनके असाधारण नेतृत्व के लिए डॉ अमन मित्तल की सराहना की । अमित जैन ने सरकार के साथ नीतिगत मुद्दों को संबोधित करने और पूरे वर्ष विभिन्न कार्यक्रमों और सत्रों के आयोजन में सीआईआई जालंधर जोन के प्रयासों की सराहना की।
सी.आई.आई. (कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री ) जालंधर जोन ने सर्वसम्मति के साथ नए पदाधिकारियों का चुनाव करते हुए शार्प चक्स एंड मशीन्स के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर अजय सिक्का को चेयरमैन व स्टेट इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर मुखिंदर सिंह को वाइस चेयरमैन नियुक्त किया है। भूतपूर्व चेयरमैन डॉ अमन मित्तल ने विधिवत रूप से नए पदाधिकारियों को उनके अधिकार सौंपे। प्रतिष्ठित उद्योग सदस्यों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और आगामी वर्ष के लिए उनकी सफलता की कामना की। डॉ अमन मित्तल ने अजय सिक्का व मुखिंदर सिंह को नियुक्ति पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीआईआई द्वारा इनका चुनाव करके बढ़िया कदम उठाया गया है , जिसके चलते उद्योगपतियों को आने वाले समय में व्यापर के लिए बढ़िया मंच उपलब्ध होगा। वार्षिक सत्र के बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिप्टी कमिश्नर डॉ हिमांशु अग्रवाल ने उद्योगपतियों को आने वाली समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिलाया।
नवनियुक्त चेयरमैन अजय सिक्का ने कहा कि सी .आई .आई द्वारा उन पर जो विश्वास जताया गया है, उसके लिए वह सभी के आभारी हैं, वह इस बात का विश्वास दिलाते हैं कि सीआईआई जालंधर जोन उद्योग और क्षेत्र की भलाई के लिए काम करेगा। नई पहलों और गतिविधियों की एक विस्तृत श्रृंखला की योजना बनाई गई है, और इस वर्ष के दौरान कुछ नवीन विचारों पर कार्रवाई की जाएगी और रोजगार के अवसर मुहैया करवाने व उद्योगपतियों को नवीनतम के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे जो कि आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होंगे।
इस मौके पर जेएमपी इंडस्ट्री से बलराम कपूर, जीडीपीए फास्टनर से कामना अग्रवाल, बसंत ऑटोटेक से तुषार जैन, धीमान इंडस्ट्रीज से अमरिंदर धीमान, धर्म ट्रांस बेल्ट से साहिल सूद, दिनेश गुप्ता, रमनप्रीत चावला, निशांत मित्तल, धरमिंदर मेहता, राहुल गुप्ता, नकुल गुप्ता, हरप्रीत सिंह,व अदि मौजूद थे।

