ग्रामीण पुलिस ने 64 करोड़ की संपत्ति कुर्क करने के इलावा 54 लाख की ड्रग मनी भी बरामद की
जालंधर, 27 दिसंबर : जिला प्रशासन द्वारा माता-पिता की बडे स्तर पर भागीदारी के साथ ‘जागरूकता और रोकथाम’ के माध्यम से नशों से निपटने के लिए एक व्यापक योजना तैयार की गई है। शिक्षा विभाग के सहयोग से स्कूलों में सैमीनार, कैंप रैलियों के माध्यम से छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताने के लिए संबंधित एसडीएम और डीएसपी के नेतृत्व में ब्लॉक स्तरीय टीमों का गठन किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर विशेष सारंगल ने एस.एस.पी जालंधर ग्रामीण मुखविंदर सिंह के साथ बैठक की अध्यक्षता की और जिला शिक्षा अधिकारियों को विशेष रूप से माता-पिता की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर अध्यापक-माता पिता मिलनी के दौरान नशे के खिलाफ प्रेरक वीडियो का प्रबंध करने को कहा।
उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से नशामुक्ति उपचार के दिशा-निर्देशों का उचित पालन सुनिश्चित करने के लिए पुनर्वास केंद्र के कामकाज पर कड़ी नजर रखने को भी कहा।
उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन ने इलेक्ट्रानिक्स, मोबाइल मुरम्मत से संबंधित विभिन्न कौशल विकास कोर्स शुरू किए है और जिला रोजगार और कारोबार ब्यूरो की मदद से रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। डिप्टी कमिश्नर ने एस.एस.पी. को ओट क्लीनिकों पर पुलिस गश्त तैनात करने के लिए भी कहा।
बैठक के दौरान एस.एस.पी मुखविंदर सिंह ने कहा कि वर्ष 2023 में जिला पुलिस द्वारा 388 मामले दर्ज किए गए है, जिनमें 48 किलोग्राम हेरोइन, 10 किलोग्राम अफीम, 28000 गोलियां, 3760 किलोग्राम पोस्त की बरामदगी शामिल है। इसके अलावा 54 लाख रुपये की ड्रग मनी भी पुलिस द्वारा बरामद की गई। एस.एस.पी.ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के पैसों से बनाई गई संपत्तियों को जब्त करने का भी अभियान चलाया गया है,
जिसके तहत 6 मामलों में 64 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई है, जिसमें गांव रेहरवां में 40 करोड़ की संपत्ति भी शामिल है।
यह भी निर्णय लिया गया कि सीनियर पुलिस अधिकारियों द्वारा स्कूलों में नशे के दुष्प्रभावों के बारे में लैक्चर आयोजित करने के अलावा, खेल विभाग और विभिन्न अन्य संगठनों के सहयोग से युवाओं को खेलों के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) मेजर डा. अमित महाजन, सभी एस.डी.एम. और संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

