मुजफ्फरपुर में दूल्हे की बहन कैमरामैन के साथ फरार हो गई है। मामला तब खुला जब शादी के अगले दिन लड़की के नही मिलने पर परिवार के लोग खोजबीन शुरू किए। काफी खोजबीन के बाद रिश्तेदारों से भी बातचीत की गई। लेकिन उस गायब लड़की का कोई पता नहीं चल पाया। बाद में दामाद से परिजन को जानकारी मिली कि उनके गांव का एक लड़का जो शादी में वीडियोग्राफी का काम करता था और इस शादी में भी काम किया था, वह भी अपने गांव से गायब है
पूरा मामला अहियापुर थाना क्षेत्र के चंदवाराघाट दामोदरपुर इलाके की है, जहां शादी में वीडियोग्राफी करने आये दूल्हे की बहन को लेकर फरार हो गया। दूल्हे की शादी 4 मार्च को हुई थी और विदाई के दिन दूल्हे की बहन घर में नही दिखी, जिसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन लड़की की कोई भी जानकारी नहीं मिली। फिर परिजन लड़की के पिता ने अहियापुर थाने में मामला दर्ज कराया।
थाना में दिए गये आवेदन में कहा है कि 3 मार्च को उनकी पुत्री घर से बाजार के लिए निकली थी और इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद पर भी उसके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली। तब बाद में उनके दामाद ने फोन कर बताया कि उसी के गांव का एक लड़का जो शादी में वीडियोग्राफी करने आया था वह भी गांव से गायब है।
लड़की के पिता का कहना है कि आरोपी युवक के परिजन इस मामले से इंकार कर रहे हैं, जबकि गांव के लोग भी बता रहे हैं कि कैमरामैन उसी दिन से गायब है। गांव के कुछ लोगों का कहना है कि आरोपी कैमरामैन उस लड़की को लेकर यहां आया था और बाद में यहां से चला गया। गायब लड़की के पिता ने बेटी को बहलाकर गायब करने के मामले में युवक के खिलाफ कार्रवाई करने और पुत्री की बरामदगी करने की गुहार लगायी है।मामले की जानकारी के बाद अहियापुर थाना की पुलिस जांच में जुट गई है।घटना के संबंध में थानाध्यक्ष रोहन कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। एक लड़की की गुमशुदगी से संबंधित एक आवेदन प्राप्त हुआ है। मामला दर्ज कर लिया गया है, आगे की जांच की जा रही है।

