छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एनएच-43 पर पतराटोली के पास एक तेज रफ्तार कार खड़े ट्रेलर से जा टकराई, जिसमें कार सवार 5 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना दुलदुला थाना क्षेत्र में हुई।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात घर लौट रहे थे। घर पहुंचने की जल्दी और सुनसान सड़क होने की वजह से कार तेज रफ्तार में थी। इसी बीच ट्रेलर दिखाई देने पर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधी ट्रेलर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक अंदर ही फंस गए। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

