पंचकूला : पंचकूला में आज नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। हरियाणा में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाते हुए इतिहास रच दिया है।नायब के साथ 13 अन्य विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इस मंत्रिमंडल में दो महिलाओं को भी मौका मिला है। हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री और अंबाला कैंट से विधायक अनिल विज ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। मनोहर पार्ट वन में स्वास्थ्य और स्थानीय निकाय मंत्री रहे।
पार्ट-2 में गृह और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग विज ने संभाले। विज लगातार तीसरी बार हरियाणा सरकार में मंत्री बने हैं। कृष्ण लाल पंवार दूसरी बार मंत्री बने हैं। असंध से कई बार इनेलो से विधायक रहे। परिसीमन 2009 के बाद उन्होंने इसराना से इनेलो के टिकट पर चुना लड़ा और कांग्रेस के बलबीर वाल्मीकि को हराया।
अनिल विज- 71 वर्षीय अनिल विज अंबाला कैंट से सातवीं बार विधायक बने हैं। वे अनुभवी और जुझारू नेता माने जाते हैं। उनकी राजनीति की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से हुई, जब वे एसडी कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। इसके बाद वे 1970 में एबीवीपी के महासचिव बने और 1974 में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में नौकरी ज्वाइन की।
राव नरबीर सिंह- हरियाणा के सबसे बड़े विधानसभा क्षेत्र बादशाहपुर के विधायक राव नरबीर सिंह को नायब सैनी सरकार में मंत्री बनाया गया है। भाजपा के दिग्गज नेता व पूर्व मंत्री राव नरबीर पहली बार साल 2014 में बादशाहपुर से जीते थे और मनोहर सरकार में मंत्री बने थे।

