कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मंगलवार को निर्माणाधीन मेट्रो का पिलर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। यहां के आउटर रिंग रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो का पिलर गिरने से एक महिला और उसके ढाई साल के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में महिला का पति और एक अन्य बेटा घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे मेट्रो का निर्माणाधीन पिलर गिर गया और इसकी चपेट में एक बाइक आ गई, जिसपर चार लोग सवार थे। महिला और उसके बेटे को हादसे में गंभीर चोट आई थीं। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इनकी मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि उन्होंने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जाएगी। इस घटना के कारण मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। वहीं, मृतक महिला के ससुर विजयकुमार ने कहा कि मेट्रो पिलर के निर्माण के दौरान सुरक्षा उपाय नहीं किए गए। घटना स्थल पर निर्माण कार्य तत्काल बंद किया जाना चाहिए।
बैंगलोर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) के एमडी अंजुम परवेज ने कहा कि पिलर गिरने से महिला और उसका बच्चा बुरी तरह घायल हो गए, बाद में उनकी मौत हो गई। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि हम निर्माण में उच्चतम गुणवत्ता मानकों का पालन करते हैं। मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। हम देखेंगे कि यह तकनीकी खामी थी या मानवीय। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए कदम उठाए जाएंगे।
मेट्रो पिलर गिरने की घटना पर बैंगलोर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने कहा कि ठेकेदार और इससे संबंधित इंजीनियरों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) से जांच करने और एक रिपोर्ट प्रदान करने का अनुरोध किया जाएगा। एक आंतरिक तकनीकी टीम भी मामले की जांच करेगी। बयान में कहा गया है कि घायलों के इलाज का खर्च और मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।

