दिल्ली :निर्वाचन आयोग ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान पांच राज्यों में होने वाले चुनावों का एलान कर दिया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम विधानसभा चुनावों की तारीखों के बारे में विस्तार से बताया। सभी राज्यों के चुनाव परिणाम तीन दिसंबर को आएंगे।
चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, मध्य प्रदेश में 7 नवंबर, राजस्थान में 23 नवंबर, छत्तीसगढ़ में 7 और 17 नवंबर, तेलंगाना में 30 नवंबर और मिजोरम में 7 नवंबर को चुनाव होने जा रहे हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि कुल 16.14 करोड़ मतदाता इन चुनावों में अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें 8.2 करोड़ पुरुष मतदाता, 7.8 करोड़ महिला मतदाता होंगे। इस बार 60.2 लाख नए मतदाता पहली बार वोट डालेंगे।
आयोग ने बताया कि मतगणना 3 नवंबर को होगी। फिलहाल, हिंदी पट्टी के तीनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला नजर आ रहा है। एमपी, राजस्थान, मिजोरम और तेलंगाना में एक चरण में चुनाव होने वाले हैं। जबकि, छत्तीसगढ़ में चुनाव दो चरणों में पूरे होंगे।
पांचों राज्यों में कुल 679 विधानसभा सीटें हैं। मध्य प्रदेश में इस वक्त भाजपा की सरकार है। वहीं, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस शासन में है। तेलंगाना में के. चंद्रशेखर राव वाली भारत राष्ट्र समिति यानी बीआरएस की सरकार है। मिजोरम में जोरमथंगा की मिजो नेशनल फ्रंट सत्ताधारी पार्टी है।

