करतारपुर 29 जुलाई (जसवंत वर्मा ) कम्युनिटी हेल्थ सेंटर करतारपुर द्वारा विभिन्न गांवों में नेत्र जांच शिविर आयोजित कर लोगों को आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इन शिविरों के दौरान एक ही दिन में 200 से अधिक लोगों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 30 मोतियाबिंद मरीजों की पहचान कर उनके निशुल्क ऑपरेशन के लिए जालंधर सिविल हस्पताल भेजा गया ।
यह सभी शिविर सिविल सर्जन जालंधर के दिशा-निर्देशों तथा सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. रविंदर कौर के मार्गदर्शन में आयोजित किए गए। शिविरों में नेत्र परीक्षण का कार्य नेत्र अधिकारी मैडम कृष्णा द्वारा किया गया। उन्होंने लोगों की विस्तारपूर्वक जांच कर आवश्यकतानुसार परामर्श दिया तथा जरूरतमंद मरीजों को उपचार हेतु रेफर किया।
शिविरों की समुचित व्यवस्थाएं ब्लॉक एक्सटेंशन एजुकेटर हिमालया प्रकाश द्वारा की गईं। इस अवसर पर लोगों से अपील की गई कि आंखों से संबंधित किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें तथा समय-समय पर अपनी आंखों की जांच अवश्य करवाएं, ताकि आंखों की रोशनी को सुरक्षित रखा जा सके।

