पंजाब सरकार के शासन में अलगाववादी हुए बेलगाम, सरकार का नहीं कोई डर, घटनाओं को दे रहे अंजाम: राजेश बाघा
जालंधर: 12 मार्च : भाजपा पंजाब के प्रदेश महासचिव राजेश बागा तथा भाजपा पंजाब के उपाध्यक्ष फतेहजंग सिंह बाजवा ने जिला भाजपा अध्यक्ष सुशील शर्मा के नेतृत्व में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में मौजूदा हालात बहुत चिंताजनक बन चुके है और अलगाववादी ताकतें बड़े पैमाने पर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लोगों में भय का माहौल बन गया है।
इस अवसर पर फतेहजंग सिंह बाजवा ने कहा कि अमृतपाल सिंह और उनके साथियों ने हथियारों के बल पर थाने पर कब्जा कर पंजाब पुलिस से मारपीट की और पंजाब में भय का माहौल बनाया। पंजाब सरकार को उन सभी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से सरकार ने अलगाववादी और समाज विरोधी तत्वों को एक साथ आने दिया और उन्हें कानून की धज्जियां उड़ाने की इजाजत दी, उससे भगवंत मान सरकार की भूमिका संदेह के घेरे में आती है। इससे असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ गया है और कानून का भय समाप्त हो गया है, जो सभी के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
इस अवसर पर राजेश बागा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली भगवंत मान सरकार के 11 महीने के शासन के दौरान पंजाब में हालात बेहद चिंताजनक हो गए है। पंजाब में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब में कानून व्यवस्था को लेकर लगातार कोरा झूठ बोल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में जब से भगवंत मान की सरकार बनी है, तब से देश विरोधी ताकतों, अलगाववादियों और पंजाब के भाईचारे के माहौल को आग लगाने वालों की गतिविधियों में भारी इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि पंजाब में रोजाना हो रही हत्याओं की घटनाओं हो रही है, पुलिस की नाक के नीचे डकैती, लूटपाट आदि से पंजाब के लोग बहुत डर गए हैं।
उन्होंने कहा कि मैंने ऐसी कमजोर सरकार कभी नहीं देखी, जिसने जांबाज पुलिस का मनोबल तोड़ा हो। वर्तमान सरकार के शासन में अपराधियों के हौंसले कितने बुलंद हैं। कानून का किसी को जरा भी डर नहीं है। उन्होंने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब स्थित होले-मोहल्ले में आए एनआरआई युवक की जिस तरह से हत्या हुई है, उससे विदेशों में रह रहे पंजाबी समुदाय भी बहुत चिंतित है।
उन्होंने कहा कि यह बेहद निंदनीय है, बीजेपी पंजाब इसकी पुरजोर शब्दों में कड़ी निंदा करती है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करती है। राज्य में अराजकता का माहौल है।
राजेश बागा ने कहा कि अगर इस पर लगाम नहीं लगाई गई तो पंजाब को बर्बाद होने से कोई नहीं बचा पाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब के व्यापारी वर्ग के साथ खड़ी है और उनकी हर समस्या का समाधान करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने वादों को पूरा करने के लिए कुछ समय मांगा था,
लेकिन एक साल बीत जाने के बाद सरकार द्वारा कल पेश किए गए बजट ने सभी पंजाबियों को निराश कर दिया है। पंजाब सरकार ने पंजाब के किसी वर्ग को कुछ नहीं दिया और अपने वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि पंजाबी इस सरकार से तंग आ चुके हैं और इस सरकार को सबक सिखाने को आतुर हैं।
इस मौके पर प्रदेश सचिव अनिल सच्चर,पूर्व विधायक के.डी भंडारी,प्रदेश प्रवख्ता महिंद्र भगत,जिला महामंत्री अशोक सरीन हिक्की,राजेश कपूर,अमरजीत सिंह गोल्डी आदि मौजूद थे।

