पंजाब के बठिंडा में जिला अदालत परिसर के बाहर 39 वर्षीय एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पीड़िता की पहचान बठिंडा के कोटशमीर निवासी कुलविंदर कौर (39) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शाम करीब साढ़े पांच बजे कुलविंदर कौर जिला अदालत परिसर के बाहर फुटपाथ के पास खड़े होकर दो लोगों से बात कर रही थी।
इस बीच, मोटरसाइकिल पर सवार दो आरोपी आए। इनमें से एक युवक महिला के साथ तीखी नोकझोंक करने लगा। अचानक उसने अपनी पिस्तौल निकाली और तीन गोली दाग दी, जिसमें से दो गोलियां कुलविंदर के सीने पर लगी है। सूत्रों ने बताया है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका नाम सुरेंद्र है, जो कुलविंदर का जानकार है। उससे 32 बोर का रिवाल्वर भी बरामद कर लिया गया है
यह घटना बस स्टैंड के बाहर ट्रैफिक पोस्ट से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई। गोली लगने के बाद पीड़िता ने मदद मांगने वाले के लिए ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों की ओर जाने की कोशिश भी की थी। बाद में उसे स्थानीय निवासियों की मदद से उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान आरोपी मौके से मनसा रोड की ओर भागने में सफल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी सिटी 2, सिविल लाइंस व कोतवाली थाने की पुलिस टीम सहित अन्य भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला का एक मोबाइल फोन और सूटकेस बरामद किया है।
पीड़िता सड़क पर गिर गई और उसके सिर से खून बह रहा था। घटनास्थल के पास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और महिला को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, हाई सिक्योरिटी जोन इलाके में हुई इस घटना ने इलाके की पुलिस पर गंभीर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।

