फिरोजपुर विधानसभा हलके की पूर्व विधायिका सतिकार कौर और उसके पति जसमेल सिंह लाडी गहरी को आमदन से ज्यादा जायदाद बनाने के मामले में विजिलेंस विभाग ने गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के आरोप के तहत मामला भी दर्ज किया है।
जसमेल सिंह भाजपा के जिला एससी विंग के प्रधान और जिला परिषद सदस्य है। सतिकार कौर को 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से टिकट न दिए जाने के बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों के तहत पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था। इसके बाद उन्होंने भाजपा का फूल पकड़ लिया था।
पिछले कुछ समय से सतिकार कौर और उनके पति के खिलाफ फिरोजपुर विजिलेंस के पास आमदनी से ज्यादा जायदाद बनाने के मामले में शिकायत चल रही थी। इसके बाद विजिलेंस विभाग ने उनको कई बार पूछताछ करने के लिए विजिलेंस कार्यालय फिरोजपुर में बुलाया था और आज उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

