बठिंडा में शनिवार देर शाम अपनी दुकान के बाहर बैठे माल रोड एसोसिएशन के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह उर्फ मेला पर दो बाइक सवारों ने फायरिंग कर दी। जिस से मेला गंभीर रूप में घायल हो गए और मौके पर हाहाकार मच गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं, घायल हरजिंदर मेला को स्थानीय लोग प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने पुलिस पार्टी समेत जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, माल रोड एसोसिएशन के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह उर्फ मेला शनिवार शाम को पांच बजे के बाद जब अपनी दुकान के बाहर बैठे हुए थे, तभी दो बाइक सवार युवक आए और हरजिंदर पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान चार से अधिक गोलियां मेला के शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर लगीं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हाहाकार मच गई। लोगों की जुटी भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।
इस घटना के बाद एकत्र हुए लोगों ने घायल हरजिंदर मेला को एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां पर उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हलांकि घटना के मुख्य कारणों का अभी तक पुलिस या हरजिंदर मेला के किसी नजदीकी ने कोई खुलासा नहीं किया है। घटना के बाद पुलिस टीम समेत पहुंचे एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटना स्थल के नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस ने घटना स्थल से छह गोलियों के खाली खोल बरामद किए हैं।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे माल रोड एसोसिएशन से संबंधित कारोबारियों ने कहा कि अगर आरोपियों को जल्द गिरफतार नहीं किया गया तो पूरा माल रोड बंद कर दिया जाएगा। काराबारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन भी किया।

