अमृतसर में बुधवार देर रात हरमंदिर साहिब के पास एक और कम तीव्रता का विस्फोट हुआ। पिछले 5 दिनों में यह तीसरा धमाका था। वहीं हरकत में आई पंजाब पुलिस ने मामले को सुलझा लिया है। मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी आरोपी पंजाब के ही हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक ये जानबूझ कर पंजाब में अशांति फैलाने की साज़िश थी। जानकारी के मुताबिक ब्लास्ट में पटाखे वाले एक्सप्लोसिव का इस्तेमाल किया गया था।
दरअसल अमृतसर में 5 दिनों में हुए तीन लो-इंटेंसिटी धमाकों के मामले को पंजाब पुलिस ने सुलझा लिया है। उन्होंने नए लोकल टेरर नेटवर्क से जुड़े पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि बम बनाने वाले नौसिखिए थे और स्वर्ण मंदिर के आस-पास धमाके करके उनका मकसद पंजाब में अशांति का माहौल पैदा करने का था। इस मामले में जल्द ही पंजाब पुलिस के द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर के मामले का खुलासा किया जाएगा।
दरअसल अमृतसर के स्वर्ण मंदिर से कुछ दूरी पर बुधवार-गुरुवार रात में धमाके की आवाज आने के बाद पंजाब पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह ने बताया था कि हम जांच कर रहे हैं, यहां पर एक धमाके जैसी भारी आवाज सुनाई दी है। उन्होंने बताया कि रात में 12:15 बजे के आसपास जानकारी मिली की एक धमाके जैसी भारी आवाज सुनाई दी है। तलाशी के बाद लंगर हॉल के पास की श्री गुरु रामदास सराय से एक कपल समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 8 बम भी मिले हैं। तलाशी के दौरान सराय की CCTV फुटेज से दो संदिग्धों की पहचान की गई।
बता दें कि 8 मई (सोमवार) को स्वर्ण मंदिर के पास हेरिटेज स्ट्रीट में विस्फोट से एक व्यक्ति घायल हो गया था। वहीं इसी स्थान पर 6 मई (शनिवार) को भी विस्फोट हुआ था।

