भारत निर्वाचन आयोग ने पंजाब पुलिस के दो अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी से हटा कर गैर-चुनाव ड्यूटी पर तैनात करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के प्रवक्ता ने बताया कि जालंधर के पुलिस कमिश्नर आईपीएस स्वप्न शर्मा और लुधियाना के पुलिस कमिश्नर आईपीएस कुलदीप चाहल को उनके मौजूदा पदों से ट्रांसफर करके गैर-चुनाव ड्यूटी पर तैनात किया गया है।
पंजाब के मुख्य सचिव को लिखे पत्र में निर्वाचन आयोग ने दोनों अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी से हटा कर गैर-चुनाव ड्यूटी पर तैनात करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आयोग ने मुख्य सचिव को जालंधर और लुधियाना में तैनाती के लिए तीन योग्य अधिकारियों का पैनल मुहैया करवाने के लिए भी कहा है।

