लुधियाना में इलाहाबाद से बिना बिल का सोना सप्लाई करने के लिए आए 2 सप्लायर को शनिवार सुबह चेकिंग के दौरान पकड़े गए। लुधियाना स्टेशन पर जीआरपी ने आरोपियों को चेकिंग के लिए रोकने की कोशिश की तो वह घबराकर बाहर की तरफ भाग गए, जिसके बाद जीआरपी ने उनको पीछा करके दबोच लिया।
जानकारी के मुताबिक आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी अमरजोत और अमरीक के रूप में हुई, जो कि सोना सप्लाई करने के लिए इलाहाबाद से लुधियाना आए थे। उनके बैग की तलाशी लेने पर 2 किलो 107 ग्राम सोना बरामद हुआ, जो कि छोटे-छोटे गहनों के रूप में था। वह मौके पर सोने का बिल या कोई अन्य कागजात नहीं दिखा पाए।
सप्लायर लुधियाना स्टेशन पर उतरे थे। यहां पर कुछ सोना सप्लाई करने के बाद अमृतसर जाना था, लेकिन लुधियाना स्टेशन पर ही पकड़े गए। जीआरपी ने मामले के बारे में कर एवं आबकारी विभाग को सूचित किया और आरोपियों को पूछताछ के बाद सोने सहित उनके सुपुर्द कर दिया।

