पूर्व I. G. अमर सिंह चहल ने खुद को गोली मार ली है और उनका पार्क हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि कथित तौर पर सुसाइड की कोशिश करने के बाद पूर्व IPS ऑफिसर अमर सिंह चहल की हालत गंभीर है। उनके सीने में गंभीर चोटें आई हैं और हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौके से एक नोट भी मिला है, जिसमें ऑनलाइन फ्रॉड की वजह से पैसे की तंगी का जिक्र है। पुलिस ने घटना के असली कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
पटियाला SSP वरुण शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीमें तुरंत चहल के घर पहुंच गईं। बता दें कि अमर सिंह चहल 2015 के फरीदकोट फायरिंग मामले में आरोपी रह चुके हैं। इस मामले में 24 फरवरी 2023 को पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने फरीदकोट कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी। इस SIT की अगुआई उस समय एडीजीपी एलके यादव कर रहे थे।

