चंडीगढ़ : शंभू और खनौरी बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में किसानों ने अब 30 दिसंबर को पंजाब बंद का ऐलान किया है। किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने यह घोषणा की है, हालांकि इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं बहाल रहेंगी। इससे पहले, बुधवार को किसानों ने पंजाब में 3 घंटे के लिए रेलवे ट्रैक जाम किए थे, जिससे ट्रेनों की आवाजाही पर काफी असर पड़ा। दोपहर 12 बजे, किसान 48 अलग-अलग जगहों पर रेलवे ट्रैक पर बैठ गए थे, जिसके चलते ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ। दोपहर 3 बजे किसानों ने ट्रैक खाली कर दिया था।
किसानों के इस प्रदर्शन के कारण कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। दिल्ली-पठानकोट सुपरफास्ट एक्सप्रेस को लुधियाना के ढंडारी कलां में रोकना पड़ा। कुछ ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कुछ को डायवर्ट किया गया। कुल मिलाकर, लगभग 60 ट्रेनों की आवाजाही पर इस प्रदर्शन का असर पड़ा। खनौरी बॉर्डर पर चल रहे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के आमरण अनशन को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की चंडीगढ़ स्थित किसान भवन में एक आपातकालीन बैठक शुरू हो गई है। उम्मीद है कि इस बैठक के बाद डल्लेवाल के संघर्ष को समर्थन देने की घोषणा की जा सकती है।
किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों पर स्पीकर लगाकर बंद में भाग लेने को करें अपील
पंधेर ने इस मौके पर जत्थेबंदियों से जुड़े सभी किसानों, नौजवानों से अपील की कि वह ट्रैक्टर-ट्रालियों पर स्पीकर लगाकर गली-मोहल्लों, गांव व शहरों में 30 दिसंबर के पंजाब बंद को लेकर लोगों को जानकारी दें और इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करें।

