मोहाली से आप विधायक कुलवंत सिंह के घर और दफ्तर पर सुबह करीब आठ बजे एक साथ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने दबिश दी। टीम सुबह से ही उनके दफ्तर और घर पर दस्तावेज खंगाल रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शराब घोटाला मामले में यह कार्रवाई की जा रही है। हालांकि अभी अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। छापेमारी पर विधायक और उनके स्टाफ ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
शराब घोटाले में सीबीआई दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं इस संबंध में पंजाब के कई शहरों में पहले भी छापेमारी हो चुकी है। सीबीआई पंजाब के कई अधिकारियों को इस मामले में तलब कर चुकी है।
वहीं ईडी ने पंजाब में शराब नीति बनाने वाले अधिकारियों को बिना अनुमति विदेश जाने पर रोक लगा चुकी है। इससे पहले फरीदकोट के पूर्व शिअद विधायक व शराब कारोबारी दीप मल्होत्रा के ठिकानों पर आयकर विभाग छापे मार चुका है।
उधर, केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय आप विधायक कुलवंत सिंह के स्वामित्व वाली रियल एस्टेट कंपनी के दो प्रोजेक्टों पर पर्यावरण मानदंडों का उल्लंघन करने का सवाल भी उठा चुकी है।
ये प्रोजेक्ट जनता लैंड प्रमोटर्स लिमिटेड (जेएलपीएल) बना रहा है। इसका स्वामित्व मोहाली से आप विधायक कुलवंत सिंह के पास है। राज्यपाल ने सीएम को लिखे पत्र में जानकारी दी थी कि मोहाली के सेक्टर 82-83 में जनता लैंड प्रमोटर्स लिमिटेड के प्रोजेक्ट सुपर मेगा मिक्स्ड यूज इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल पार्क और सेक्टर-66ए में गैलेक्सी हाइट्स के निर्माण में पर्यावरण नियमों का उल्लंघन हुआ है।

