रोपड़ के सिटी थाने में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान प्रिंस बहादुर (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने 16 अप्रैल को एक मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। रविवार सुबह उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतक के परिवार ने थाने में जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस वाहन की तोड़फोड़ भी की।प्रिंस के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उसके साथ मारपीट की और किसी नुकीली चीज से उसे घायल किया, जिससे उसकी मौत हुई है। मृतक शादीशुदा था और उसका एक पांच साल का बेटा भी है।
पुलिस का कहना है कि प्रिंस को एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के मामले में हिरासत में लिया गया था और वह दो दिन की पुलिस रिमांड पर था। पुलिस के अनुसार, प्रिंस ने हवालात में कंबल की किनारी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एसएसपी ने बताया कि प्रिंस के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह नशा तस्करी में लिप्त था। हालांकि, मृतक के परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों के मद्देनजर मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

