पंजाब के मानसा जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। मानसा-सिरसा रोड पर गांव सरदूलेवाला के पास एक तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। ये सभी हरियाणा के सिरसा जिले के रहने वाले थे और चंडीगढ़ से एक विवाह समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। हादसे में कार चला रहा ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा शुक्रवार देर रात हुआ जब परिवार चंडीगढ़ से लंबा सफर तय कर वापस सिरसा जा रहा था। संभावना जताई जा रही है कि लगातार सफर के कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और ट्रक के नीचे जा फंसा। सूचना मिलते ही सरदूलगढ़ पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कार की हालत इतनी खराब थी कि शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को गैस कटर से कार की बॉडी काटनी पड़ी। सबसे पहले घायल ड्राइवर को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, क्योंकि उसकी सांसें चल रही थीं।
सरदूलगढ़ थाने के एसएचओ गणेशवार कुमार ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो रहा था। इसी दौरान क्षतिग्रस्त कार के अंदर पड़े एक मोबाइल फोन की घंटी बजी। पुलिस ने जब फोन रिसीव किया, तो दूसरी तरफ से बात कर रहे व्यक्ति ने बताया कि यह परिवार सिरसा का रहने वाला है। हालांकि, कॉल करने वाले के पास भी विस्तृत जानकारी नहीं थी, लेकिन इसी फोन कॉल के जरिए पुलिस मृतकों के परिजनों तक पहुंचने में सफल रही।
हादसे के तुरंत बाद ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। एसएचओ ने बताया कि परिवार वाले चंडीगढ़ में शादी अटेंड करने गए थे और वहां से सीधे वापस लौट रहे थे। थकावट और नींद ही इस भीषण हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

