पंजाब की भगवंत मान सरकार ने गुरुवार को मंत्रिमंडल में एक अहम फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह से स्थानीय निकाय (Local Bodies) विभाग वापस ले लिया गया है। यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब मंत्री संजीव अरोड़ा को सौंपी गई है। विभागों की इस अदला-बदली में डॉ. रवजोत को एनआरआई (NRI) मामलों का विभाग दिया गया है, जो अब तक संजीव अरोड़ा के पास था।
मंत्रिमंडल में हुए इस फेरबदल को आगामी नगर निगम चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। सरकार का मकसद शहरी इलाकों में आम आदमी पार्टी (AAP) की पकड़ को और मजबूत करना है। संजीव अरोड़ा शहरी क्षेत्र से आते हैं और शहरी समस्याओं व कामकाज की अच्छी समझ रखते हैं। ऐसे में सरकार ने उन्हें निकाय विभाग सौंपकर शहरी कैडर को साधने की कोशिश की है, ताकि चुनावों में पार्टी को फायदा मिल सके।
विदेशी दौरे में परफॉर्मेंस का मिला इनाम
संजीव अरोड़ा के कद में हुई इस बढ़ोतरी की एक बड़ी वजह मुख्यमंत्री भगवंत मान का हालिया विदेश दौरा भी है। पिछले दिनों सीएम मान ने जापान और नॉर्थ कोरिया का दौरा किया था, जिसमें संजीव अरोड़ा की भूमिका बेहद अहम रही थी। इस दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण व्यापारिक समझौते हुए थे। सरकार अरोड़ा की इस कार्यशैली और नेटवर्किंग से काफी खुश है, जिसका इनाम उन्हें स्थानीय निकाय जैसे भारी-भरकम विभाग के रूप में मिला है।
एक साल में तेजी से बढ़ा अरोड़ा का कद
संजीव अरोड़ा का राजनीतिक ग्राफ पिछले एक साल में तेजी से ऊपर गया है। वे 2025 में लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से उपचुनाव जीतकर विधायक बने थे। उन्होंने 28 जून 2025 को विधायक पद की शपथ ली और इसके तुरंत बाद 1 जुलाई 2025 को राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। 3 जुलाई 2025 को उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली। शुरुआत में उन्हें उद्योग एवं वाणिज्य और NRI मामलों की जिम्मेदारी मिली थी। इसके बाद 18 अगस्त 2025 को हुए फेरबदल में उन्हें बिजली विभाग भी सौंपा गया था। अब उनके पास लोकल बॉडीज जैसा अहम विभाग भी आ गया है।

