पंजाब के सीएम भगवंत मान ने आज एक बार फिर अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है। पंजाब सरकार के कैबिनेट में करतारपुर के विधायक पूर्व डीसीपी बलकार सिंह और लंबी से विधायक गुरमीत सिंह खुड्डियां को शामिल किया गया है। दोनों नए मंत्रियों को राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित सुबह 11 बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलावाई। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज चंडीगढ़ आएं और नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए।
बलकार सिंह के विधानसभा क्षेत्र से लोकसभा उपचुनाव में सबसे अधिक 13 हजार मतों की आम आदमी पार्टी को लीड मिली थी। बलकार सिंह पूर्व डीसीपी हैं और जम्मू-कश्मीर में आप के प्रभारी भी हैं।
मजहबी सिख समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं बलकार
बलकार सिंह दलित नेता हैं और मजहबी सिख समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। पुलिस विभाग में नौकरी के दौरान भी उनका सिक्का चलता था। उन्हें क्राइम की गुत्थी सुलझाने का माहिर माना जाता है। बलकार सिंह ने हाल ही में लोकसभा उपचुनाव में बिक्रम सिंह मजीठिया को करारा जवाब देकर ललकारा था। इसके बाद बलकार सिंह की पीठ केजरीवाल से लेकर भगवंत मान ने थपथपाई थी।
दोआबा दलितों का गढ़ माना जाता है। यहां पर 40 प्रतिशत के करीब आबादी दलित समुदाय की है। अभी तक दोआबा से कोई भी दलित विधायक पंजाब कैबिनेट में नहीं था लेकिन बलकार सिंह की एंट्री से आप को दोआबा में दलित मंत्री की कमी पूरी हो जाएगी।

