अमृतसर में वेयरहाउस के डीएम गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड मामले में पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर, उनके पिता सुखदेव भुल्लर और निजी सचिव (PA) दिलबाग सिंह के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज कर ली गई है।
अमृतसर के थाना रणजीत एवेन्यू में तीनों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 यानी आत्महत्या के लिए उकसाने, 351(3)- जानलेवा धमकी और 3(5) – जुर्म में साथ देने की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर की शिकायत पर आधी रात को यह केस दर्ज किया।
इसमें पत्नी ने कहा कि भुल्लर ने उन्हें धमकाया कि गैंगस्टर मेरे पाले हुए हैं। तेरे परिवार को खत्म करने के लिए एक इशारा ही काफी है। अगर तू मेरे नियमों को नहीं मान सकता तो तुझे जिंदा रहने का हक नहीं, तू जहर खा ले। इसके बाद पति ने सुसाइड कर लिया।
बता दें डीएम रंधावा ने शनिवार (21 मार्च) को आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री मान ने तुरंत एक्शन लिया और मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से इस्तीफा ले लिया था। वहीं परिवार के FIR पर अड़ने और विरोधियों दलों के एकजुट होने के बाद पुलिस को केस दर्ज करना पड़ा। इस मामले में अब लालजीत भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग हो रही है। वहीं इसे लेकर कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा संयुक्त रूप से आज चंडीगढ़ में CM आवास का घेराव करेंगे। इसको लेकर चंडीगढ़ पुलिस अलर्ट पर है।

