पंजाब में खन्ना के नजदीकी गांव बगली बागली कलां में पंजाब एंड सिंध बैंक में दिनदहाड़े मंगलवार की दोपहर करीब 2:30 बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने बैंक में 15 लाख रुपये लूट लिए। आरोपी लूट के बाद फरार हो गए। मिली जानकारी अनुसार तीन लुटेरे जिन्होंने अपने मुंह किसी कपड़े ढके हुए थे, वह मोटरसाइकिल पर आए, तीनों लुटेरों के पास एक-एक पिस्टल थी।जैसे ही वह बैंक में अंदर जाने लगे तो मुंह ढके होने के कारण बैंक के सिक्योरिटी गार्ड ने कहा कि आप अपने मुंह से कपड़ा हटाए। इसको लेकर उनकी आपस में बहस हो गई, जिसके बाद उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड की बंदूक छीन कर उसकी कनपटी पर पिस्टल तान दी।
उसके बाद दूसरा लुटेरा नकदी काउंटर पर जाकर कैशियर की कनपटी पर पिस्टल रख बोला कि जितना कैश है बैग में भर दे वरना मैं तुझे जान से मार दूंगा। जिसके बाद कैशियर ने सारा कैश करीब 15 लाख रुपये उसके बैग में डाल दिए। नकदी लेकर लुटेरे फरार हो गए। जब लुटेरे बैग लेकर भाग रहे थे तभी पीछे से सिक्योरिटी गार्ड ने अपनी बंदूक उठाकर गोली चलाई परंतु तब तक वह भाग चुके थे।

